Blog

उत्तरकाशी में स्वास्थ्य सेवा सप्ताह का शुभारंभ

 विशेषज्ञ चिकित्सा शिविरों में उमड़ी लोगों की भीड़

अमर हिन्स्तान
उत्तरकाशी। उत्तराखण्ड सरकार के सेवा, सुशासन एवं समर्पण के संकल्प के क्रम में चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा जनपद उत्तरकाशी में स्वास्थ्य सेवा सप्ताह” का शुभारंभ किया गया। जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ गंगोत्री विधानसभा क्षेत्र के माननीय विधायक सुरेश चौहान एवं भटवाड़ी की माननीय ब्लॉक प्रमुख श्रीमती ममता पंवार ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि किशोर भट्ट सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, महिलाओं एवं युवाओं ने स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, विशेषज्ञ परामर्श, आवश्यक चिकित्सकीय जांच तथा दवाइयों का निःशुल्क वितरण किया गया। इसके साथ ही टीकाकरण, उच्च रक्तचाप एवं मधुमेह (डायबिटीज) की जांच, मुख, स्तन एवं गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर की स्क्रीनिंग, किशोरियों एवं महिलाओं में एनीमिया की जांच एवं परामर्श जैसी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।
शिविर में स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ, नेत्र रोग विशेषज्ञ सहित विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों का परीक्षण कर उन्हें आवश्यक परामर्श दिया। साथ ही स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति भी लोगों को जागरूक किया गया। बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लेकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।

 

8 अगस्त तक जनपदभर में लगेंगे विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर: डा रावत
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी. एस. रावत ने बताया कि स्वास्थ्य सेवा सप्ताह के अंतर्गत 04 जुलाई से 18 अगस्त, 2026 तक जनपद के जिला चिकित्सालय, उप जिला चिकित्सालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में निर्धारित तिथियों के अनुसार विशेषज्ञ चिकित्सा शिविरों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इन शिविरों के माध्यम से दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण और विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के साथ-साथ आमजन को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने का भी व्यापक प्रयास किया जाएगा।उन्होंने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक संख्या में इन स्वास्थ्य शिविरों का लाभ उठाएं। डॉ. रावत ने बताया कि आयोजित होने वाले विशेषज्ञ चिकित्सा शिविरों की तिथि, स्थान एवं उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी आशा कार्यकर्ताओं, एएनएम तथा अन्य स्वास्थ्य कर्मियों के माध्यम से लगातार आमजन तक पहुंचाई जा रही है, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक समय पर जानकारी प्राप्त कर इन सेवाओं का अधिकतम लाभ उठा सके।

कार्यक्रम में यह रहे माौजूद
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई तथा नागरिकों को नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, समय पर टीकाकरण, स्वैच्छिक रक्तदान और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी. एस. रावत, प्रमुख अधीक्षक डॉ. पी. एस. पोखरियाल, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी. एस. पांगती, विधायक श्री सुरेश चौहान, ब्लॉक प्रमुख श्रीमती ममता पंवार, जनप्रतिनिधि श्री किशोर भट्ट, अन्य जनप्रतिनिधि तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *