उत्तराखंड

7 सितंबर को होगी दक्षता आधारित आकलन परीक्षा

उत्तरकाशी के स्कूलों में कक्षा 2, 5 और 8 के विद्यार्थियों की दक्षताओं का होगा आकलन 

रिपोर्ट गोपाल सिंह रावत

अमर हिंदुस्तान बड़कोट। जनपद उत्तरकाशी के सभी प्राथमिक, उच्च प्राथमिक विद्यालयों तथा हाईस्कूल और इंटर कॉलेजों में, जहां कक्षा 8 संचालित है, 7 सितंबर 2026 को दक्षता आधारित आकलन परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा में कक्षा 2, 5 और 8 के विद्यार्थियों की शैक्षिक दक्षताओं का आकलन किया जाएगा।

जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट), बड़कोट के प्राचार्य संजीव जोशी ने बताया कि कक्षा 2 में हिंदी एवं गणित, कक्षा 5 में हिंदी, गणित एवं पर्यावरण अध्ययन तथा कक्षा 8 में हिंदी, गणित, विज्ञान एवं सामाजिक विज्ञान विषयों का बहुविकल्पीय प्रश्नों के माध्यम से आकलन होगा। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों की बुनियादी, प्रारंभिक एवं मध्य चरण की शैक्षिक दक्षताओं की स्थिति जानना है।

आकलन के बाद विद्यार्थियों की सीखने की प्रगति के आधार पर उपचारात्मक शिक्षण कराया जाएगा। इसके बाद अगला दक्षता आधारित आकलन 28 सितंबर 2026 को होगा। पूरी आकलन प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से 25 दिसंबर 2026 तक संचालित की जाएगी।

उन्होंने बताया कि प्रश्नपत्रों का निर्माण डाइट द्वारा किया जाएगा। मुद्रण के बाद खंड शिक्षा अधिकारी, उप शिक्षा अधिकारी कार्यालय, डाइट एवं अन्य विभागीय कार्यालयों के माध्यम से बीआरपी/सीआरपी प्रश्नपत्र विद्यालयों तक पहुंचाएंगे।

मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित कोटियाल की अध्यक्षता में हुई ऑनलाइन बैठक में अधिकारियों को आकलन की शुचिता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही आकलन दिवस पर विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों और अभिभावकों की सहभागिता सुनिश्चित करने तथा प्रार्थना सभा में विद्यार्थियों को परीक्षा के संबंध में जानकारी देने को कहा गया। दूरस्थ एवं मार्ग अवरुद्ध क्षेत्रों में प्रश्नपत्र नहीं पहुंचने की स्थिति में वैकल्पिक व्यवस्था करने के साथ ही परीक्षा के दिन शिक्षकों और विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *