एक ही छत के नीचे मिली सरकारी योजनाओं की जानकारी
अमर हिन्दुस्तान
रुद्रप्रयाग। सेवा, सुशासन एवं समर्पण अभियान के अंतर्गत गुरुवार को राजकीय इंटरमीडिएट कॉलेज, चोपड़ा में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाना तथा विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना रहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता तहसीलदार रुद्रप्रयाग जगदीश सिंह नेगी ने की।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर लोगों को सरकार की योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। राजस्व, समाज कल्याण, खाद्य, कृषि, उद्यान, बाल विकास सहित अन्य विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की योजनाओं, पात्रता और लाभ लेने की प्रक्रिया के बारे में ग्रामीणों को अवगत कराया। शिविर में पहुंचे पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया तथा लोगों की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम के दौरान नशा मुक्त भारत अभियान के तहत अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई गई। उपस्थित लोगों से समाज को नशे की बुराइयों से मुक्त बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।
अपने संबोधन में तहसीलदार जगदीश सिंह नेगी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न विभागों के कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते, बल्कि एक ही स्थान पर सभी विभागों की जानकारी और आवश्यक सेवाएं उपलब्ध हो जाती हैं। उन्होंने बताया कि सेवा सप्ताह के तहत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार इस प्रकार के शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे अधिक से अधिक लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।
उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान और पारदर्शी प्रशासन के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में जिला युवा कल्याण अधिकारी वरद जोशी, खंड विकास अधिकारी सुरेश शाह, सहायक सैनिक कल्याण अधिकारी ए.एस. बिष्ट, राजकीय इंटरमीडिएट कॉलेज चोपड़ा के प्रधानाचार्य चंद्रप्रकाश त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

