उत्तराखंड

चमोली, पौड़ी समेत कुमाऊं के सभी जिलों में मध्यम से भारी बारिश के आसार, 30 जून से पूरे प्रदेश में मानसून की गतिविधियां होंगी और सक्रिय। #4

देहरादून, 29 जून 2026। उत्तराखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदला हुआ है। मानसून की दस्तक से पहले ही पहाड़ से लेकर मैदान तक झमाझम बारिश का दौर जारी है, जिससे भीषण गर्मी और उमस से लोगों को बड़ी राहत मिली है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जबकि आने वाले दिनों में वर्षा की गतिविधियों में और तेजी आने की संभावना जताई गई है।

आज कई जिलों में बारिश का येलो अलर्ट

मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून द्वारा सोमवार सुबह 9 बजे जारी तात्कालिक मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, प्रदेश के कई जनपदों में सोमवार को अच्छी बारिश होने की संभावना है। विभाग ने गढ़वाल मंडल के चमोली और पौड़ी तथा कुमाऊं मंडल के सभी जनपदों में मध्यम से भारी बारिश का अनुमान जताया है। कुछ स्थानों पर तीव्र से अति तीव्र बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।इसके अलावा प्रदेश के अन्य जनपदों में भी गरज-चमक के साथ बादल विकसित होने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना व्यक्त की गई है।

कुमाऊं में सबसे ज्यादा बरसे बादल

आज सुबह 8:30 बजे तक जारी वर्षा के आंकड़ों के अनुसार, बेरीनाग में 101 मिमी, गंगोलीहाट और गुलरभोज में 83-83 मिमी, नैनीताल में 81 मिमी, कालाढूंगी में 73 मिमी, झूलाघाट और ताकुला में 63-63 मिमी, कांडा में 57 मिमी, कौसानी में 49 मिमी, हल्द्वानी में 37 मिमी, जागेश्वर में 35 मिमी और भीमताल में 30 मिमी बारिश दर्ज की गई। कुमाऊं मंडल के अधिकांश इलाकों में अच्छी बारिश हुई, जबकि गढ़वाल मंडल के भी कई क्षेत्रों में वर्षा दर्ज की गई।

30 जून से पूरे प्रदेश में बढ़ेगा बारिश का असर

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 30 जून से बारिश का प्रभाव उत्तराखंड के सभी जनपदों में देखने को मिलेगा। वहीं 1 जुलाई को गढ़वाल और कुमाऊं मंडल के अधिकांश जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।

अगले 2-3 दिनों में 3 से 4 डिग्री तक गिरेगा तापमान

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, प्रदेश में अगले दो से तीन दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। लगातार हो रही बारिश के चलते लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलेगी। रविवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 37.1 डिग्री और न्यूनतम 26.8 डिग्री सेल्सियस, ऊधमसिंह नगर का 38.7 और 27.4 डिग्री, नई टिहरी का 27.4 और 16.6 डिग्री, जबकि मुक्तेश्वर का अधिकतम 23.8 और न्यूनतम 16.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पर्यटकोंके घूमने-फ़िरने की जगहें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *