कांवड़ यात्रा-2026 को लेकर टिहरी पुलिस अलर्ट
अमर हिन्दुस्तान
टिहरी।आगामी कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे ने शनिवार को थाना मुनि की रेती क्षेत्रांतर्गत कांवड़ यात्रा मार्ग का व्यापक स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व सभी व्यवस्थाओं को पूर्ण रूप से दुरुस्त एवं क्रियाशील करने के निर्देश दिए। एसएसपी ने निरीक्षण के दौरान ऋषिकेश बॉर्डर, कैलाश गेट, शिवानंद गेट, मुख्य कांवड़ यात्रा मार्ग, नीलकंठ मार्ग, प्रमुख पार्किंग स्थलों, बैरिकेडिंग प्वाइंट, ट्रैफिक डायवर्जन स्थलों, घाटों, संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों तथा पुलिस सहायता केंद्रों का स्थलीय भ्रमण किया। उन्होंने प्रत्येक प्वाइंट पर उपलब्ध संसाधनों, पुलिस बल की तैनाती, भीड़ नियंत्रण व्यवस्था तथा आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
एसएसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं निर्बाध आवागमन सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि सभी ड्यूटी प्वाइंट पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए तथा प्रत्येक अधिकारी अपने क्षेत्र में लगातार भ्रमणशील रहकर व्यवस्थाओं की प्रभावी निगरानी करे।
सीसीटीवी, ड्रोन और कंट्रोल सिस्टम पर विशेष फोकसनिरीक्षण के दौरान एसएसपी ने यात्रा मार्ग पर स्थापित किए जा रहे सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन निगरानी व्यवस्था, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, कंट्रोल प्वाइंट, पुलिस सहायता केंद्र, पार्किंग प्रबंधन एवं बैरिकेडिंग व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि यात्रा शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं पूर्ण रूप से सक्रिय और व्यवस्थित होनी चाहिए। साथ ही संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतते हुए संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए।
यातायात व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश
एसएसपी श्रीमती श्वेता चौबे ने यातायात प्रबंधन की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी स्थिति में अनावश्यक जाम की स्थिति उत्पन्न नहीं होनी चाहिए। इसके लिए पूर्व निर्धारित ट्रैफिक प्लान का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल वैकल्पिक यातायात व्यवस्था लागू की जाए। उन्होंने पार्किंग स्थलों के सुव्यवस्थित संचालन एवं श्रद्धालुओं को स्पष्ट दिशा-निर्देश उपलब्ध कराने पर भी विशेष जोर दिया।
प्रशासनिक समन्वय और आपदा प्रबंधन पर भी जोर
एसएसपी ने स्थानीय प्रशासन एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता, चिकित्सा सहायता, आपदा प्रबंधन एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आपातकालीन परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT), अग्निशमन विभाग, स्वास्थ्य विभाग एवं आपदा प्रबंधन इकाइयों के साथ सतत समन्वय बनाए रखने पर बल दिया।
हर श्रद्धालु को सुरक्षित और सुगम यात्रा अनुभव देना हमारा लक्ष्य
एसएसपी श्वेता चौबे ने कहा कि कांवड़ यात्रा करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा महापर्व है और टिहरी पुलिस का लक्ष्य प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित यात्रा अनुभव उपलब्ध कराना है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी सतर्कता, अनुशासन, संवेदनशीलता एवं समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा किसी भी चुनौती का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
टिहरी पुलिस की श्रद्धालुओं से अपील
टिहरी पुलिस ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि यात्रा के दौरान पुलिस एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, निर्धारित मार्गों एवं पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें तथा किसी भी प्रकार की सूचना अथवा सहायता के लिए निकटतम पुलिस सहायता केंद्र अथवा ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों से संपर्क करें।
निरीक्षण के दौरान रहे उपस्थित
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक दीपक सिंह, क्षेत्राधिकारी नरेंद्र नगर सुरेंद्र सिंह भंडारी, प्रभारी निरीक्षक मुनि की रेती प्रदीप चौहान, निरीक्षक यातायात प्रताप सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


