स्वस्थ और खुशहाल परिवार का दिया संदेश

विश्व जनसंख्या दिवस पर जागरूकता अभियान तेज
मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, परिवार नियोमातृ जन और जन्मांतराल के महत्व पर विशेषज्ञों ने दी विस्तृत जानकारी
अमर हिन्दुस्तान
उत्तरकाशी।स्वस्थ, समृद्ध और खुशहाल समाज की मजबूत नींव रखने के उद्देश्य से विश्व जनसंख्या दिवस पर जिला महिला चिकित्सालय, उत्तरकाशी में जनजागरूकता का व्यापक अभियान चलाया गया। कार्यक्रम में चिकित्सकों ने परिवार नियोजन, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा बच्चों के जन्म के बीच उचित अंतराल के महत्व पर लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि संतुलित जनसंख्या ही स्वस्थ परिवार, मजबूत समाज और विकसित राष्ट्र की सबसे बड़ी पहचान है। इस दौरान उपस्थित लोगों को परिवार नियोजन सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा इस संदेश को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर जिला महिला चिकित्सालय, उत्तरकाशी में प्रमुख अधीक्षक डॉ. पी. एस. पोखरियाल के नेतृत्व में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य जनसंख्या स्थिरीकरण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा परिवार नियोजन सेवाओं के प्रति आमजन, विशेषकर लक्षित वर्ग को जागरूक करना रहा। कार्यक्रम में चिकित्सकों ने स्वस्थ, सुरक्षित और समृद्ध परिवार के निर्माण के लिए परिवार नियोजन को समय की आवश्यकता बताया।
डॉ. हिमाद्री ने दी महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी
वरिष्ठ महिला चिकित्सा अधिकारी डॉ. हिमाद्री ने परिवार नियोजन के स्थायी एवं अस्थायी साधनों, सुरक्षित मातृत्व, बच्चों के जन्म के बीच उचित अंतराल तथा प्रजनन स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि छोटा और स्वस्थ परिवार न केवल माँ और शिशु के बेहतर स्वास्थ्य की गारंटी है, बल्कि समाज और राष्ट्र के समग्र विकास की मजबूत नींव भी है। उन्होंने सभी से उपलब्ध परिवार नियोजन सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की।अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी. एस. पांगती ने बताया कि इस वर्ष विश्व जनसंख्या दिवस की थीम “जब बच्चों में हो सही अंतराल, परिवार बने स्वस्थ और खुशहाल” रखी गई है। उन्होंने कहा कि बच्चों के जन्म के बीच उचित अंतराल रखने से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य बेहतर होता है, परिवार आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनता है तथा जनसंख्या स्थिरीकरण के लक्ष्य को प्रभावी ढंग से प्राप्त किया जा सकता है।प्रमुख अधीक्षक डॉ. पी. एस. पोखरियाल ने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण में परिवार नियोजन सेवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने लोगों से जागरूक होकर परिवार नियोजन के साधनों को अपनाने तथा इस संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुँचाने का आह्वान किया।कार्यक्रम में पीसीपीएनडीटी समन्वयक गिरीश व्यास, परिवार नियोजन परामर्शदाता अंजू रमोला सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

