डांगचोरा के विद्यार्थियों को मिला सुनहरे भविष्य का मंत्र
करियर, तकनीक और नशा मुक्ति पर विशेषज्ञों ने जगाई नई सोच
विष्य की राह चुनने से पहले करियर, उच्च शिक्षा, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, साइबर सुरक्षा और रोजगार के अवसरों की दी जानकारी

अमर हिन्दुस्तान
टिहरी।इंटरनेशनल गुडविल सोसायटी ऑफ इंडिया गढ़वाल चैप्टर की ओर से प्रधानमंत्री विद्यालय योजना के अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेज डांगचोरा, टिहरी गढ़वाल में विद्यार्थियों के लिए करियर जागरूकता कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को करियर मार्गदर्शन, उच्च शिक्षा, रोजगार के अवसरों, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, साइबर सुरक्षा, नशा मुक्ति तथा बदलते समय की नई संभावनाओं से परिचित कर उन्हें अपने उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित करना रहा।कार्यक्रम में गढ़वाल विश्वविद्यालय के राजनीति विज्ञान विभाग एवं इंटरनेशनल गुडविल सोसायटी ऑफ इंडिया, गढ़वाल चैप्टर के अध्यक्ष प्रो. एम. एम. सेमवाल ने कहा कि युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति समाज और राष्ट्र के लिए गंभीर चुनौती बनती जा रही है। नशा युवाओं की प्रतिभा, परिवार और भविष्य को बर्बाद करने के साथ उन्हें अपराध और मादक पदार्थों के तस्करों के जाल में फंसा देता है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा अपने परिवार और समाज को भी नशामुक्त बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षित, जागरूक और नशामुक्त युवा ही सशक्त भारत की सबसे बड़ी ताकत हैं।
िशेषज्ञों ने करियर और रोजगार के नए अवसरों से कराया परिचय
गढ़वाल विश्वविद्यालय के रसायन विज्ञान विभाग एवं सोसायटी के सचिव प्रो. एस. सी. सती ने संस्था की स्थापना, उद्देश्यों तथा समाज सेवा के विभिन्न कार्यों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को सामाजिक उत्तरदायित्व निभाने के लिए प्रेरित किया।औषधि विज्ञान विभाग के डॉ. राम साहू ने औषधि विज्ञान के क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार और उच्च शिक्षा के अवसरों की जानकारी दी। वहीं इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार अभियांत्रिकी विभाग के डॉ. अरुण शेखर बहुगुणा ने अभियांत्रिकी के विभिन्न क्षेत्रों, आधुनिक तकनीकों और भविष्य के रोजगार विकल्पों पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया।सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के डॉ. वरुण बड़थ्वाल ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता एवं साइबर सुरक्षा पर व्याख्यान देते हुए विद्यार्थियों को डिजिटल धोखाधड़ी से बचाव, सुरक्षित ऑनलाइन व्यवहार और जिम्मेदारी के साथ तकनीक के उपयोग की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आज के डिजिटल दौर में तकनीकी ज्ञान के साथ साइबर सुरक्षा की समझ भी प्रत्येक विद्यार्थी के लिए अनिवार्य है।कार्यक्रम में इंटरनेशनल गुडविल सोसायटी ऑफ इंडिया के अध्यक्ष एवं हेमवती नन्दन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. योगेन्द्र नारायण का विशेष संदेश भी पढ़कर सुनाया गया, जिसमें उन्होंने विद्यार्थियों से ज्ञान, अनुशासन और नैतिक मूल्यों के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए मिला प्रेरणा और मार्गदर्शन
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह ने भी इस पहल की सराहना करते हुए इसे विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास बताया।आज जानो, कल चुनो और अपना भविष्य स्वयं गढ़ो विषय पर आधारित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा विशेषज्ञों से विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य सी. पी. देवली ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए ऐसे जागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम में शिव सिंह नेगी, एस. एस. चौधरी, डॉ. राम सिंह बिष्ट तथा आर. एस. बिष्ट सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

